जलालाबाद तहसील में धरने पर बैठक भाकियू कार्यकर्ताओं से वार्ता करते प्रभारी निरीक्षक। संवाद
जलालाबाद। ज्ञापन देने के बावजूद किसी भी समस्या का निराकरण नहीं होने पर भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को तहसील के सामने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और बाद में वहीं पर धरने पर बैठ गए। हालांकि, करीब दो घंटे बाद वहां पहुंचे एसडीएम प्रभात राय और प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौहान ने यूनियन के जिला अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह यादव आदि से वार्ता की और समस्याओं का निस्तारण एक सप्ताह में कराने का आश्वासन देकर आंदोलन खत्म करा दिया।
गत 22 जून को एसडीएम और सीओ को यूनियन की ओर से दिए गए ज्ञापन में संगठन के जिला उपाध्यक्ष श्याम किशोर अग्निहोत्री द्वारा एक मामले में दो माह पूर्व दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने, कार्यकर्ता आदित्य कुमार के घर पर कब्जे की कोशिश में हुई चोरी की जांच करके कार्रवाई करने आदि चार मांगें की गईं थीं।
ज्ञापन में समस्याओं का एक सप्ताह में निस्तारण न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी गई थी। एसडीएम ने बताया कि आंदोलनकारियों से वार्ता कर उनसे मांगों पर कार्रवाई के लिए एक सप्ताह का समय मांगा गया है। धरना प्रदर्शन में यूनियन के जिला उपाध्यक्ष श्याम किशोर अग्निहोत्री, महासचिव राशि राम वर्मा, राहुल सिंह, रामकुमार आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।