भारतीय किसान यूनियन ने सरकारी धान क्रय केंद्रों पर खरीद न शुरू होने और व्यापारियों के प्रति ट्राली पर 50 किलो कर्दा कटौती और मुद्दत के विरोध में मंडी परिसर में तीन दिवसीय धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
धरने पर बैठे भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष मंदीप सिंह ने चेतावनी दी है कि समय रहते मुद्दत और कर्दा कटौती बंद न की गई तो वह उग्र प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। जिला प्रवक्ता रंजीत सिंह ने कहा कि मंडी परिसर में निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जिसमें मानक के अनुरूप सामग्री नहीं लगाई जा रही है। शिकायत के बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मामले की शीघ्र जांच कराई जानी चाहिए। किसानों ने धान क्रय केंद्रों पर तत्काल खरीद शुरू कराए जाने की मांग की है। रविवार को पहले दिन धरने पर करन सिंह, अमरजीत सिंह, हरदीप सिंह, मोहन सिंह, पप्पू लाल, रामपाल, रामविलास, मेवाराम समेत तमाम किसान बैठे।