निगोही क्षेत्र के भाजपा नेता मोनू शर्मा के हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किए जाने पर मंगलवार को भाजपाई भड़क उठे। उन्होंने भाजपा की नगर इकाई के पदाधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट और पुलिस कार्यालय गेट पर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। बाद में डीएम और एसपी को ज्ञापन देकर फायरिंग में लिप्त आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की मांग की।
रविवार की रात भाजपा की निगोही इकाई के महामंत्री राजीव शर्मा उर्फ मोनू को गोली मारकर घायल कर दिया गया था। हमलावरों के खिलाफ थाने में तहरीर देने पर भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसी के विरोध में पार्टी की नगर इकाई के कार्यकर्ता लामबंद होकर पुलिस कार्यालय जा पहुंचे। उन्होंने नगर अध्यक्ष अनिल वाजपेयी बाण और महामंत्री पंकेश मिश्रा के नेतृत्व में जमकर नारेबाजी की।
बाद में भाजपाइयों का जत्था कलक्ट्रेट पहुंचा और वहां भी प्रदर्शन किया। इस मौके पर दिए ज्ञापन में कहा गया है कि दो साल पहले भाजपा नेता मोनू के भाई सर्वेश शर्मा की गोली मारकर हत्या की जा चुकी है। वर्तमान घटना भी पिछली वारदात के अभियुक्तों की पहचान के लिए पीड़ित पक्ष द्वारा किए जा रहे प्रयासों को दबाने के लिए अंजाम दी गई है। प्रदर्शन में नरेश पांचाल, रोहित शुक्ला, छंगेलाल राठौर, दिवाकर मिश्रा, अनूप गुप्ता, वेद प्रकाश मौर्य आदि शामिल रहे।