बाइक सवार लुटेरों ने महिला का पर्स छीना
कोतवाली क्षेत्र में पुराने जिला अस्पताल रोड पर सपा कार्यालय के सामने रविवार रात बाइक सवार लुटेरों ने रिक्शा पर सवार महिला का पर्स छीन लिया। महिला ने शोर मचाया, लेकिन अंधेरे में लुटेरे फरार हो गए। महिला की तहरीर पर कोतवाली में दे दी गई है। मोहल्ला सिंजई निवासी तबस्सुम बेगम पत्नी मोहम्मद यासीन बहादुरगंज में एक इंस्टीट्यूट चलाती हैं। रविवार की शाम को वह अपनी मां नसीम बानो अपने पांच वर्षीय बेटे यवजान के साथ दाना मियां की मजार गईं थी। वहां से रात करीब साढ़े नौ बजे घर लौटते समय पुराने जिला अस्पताल रोड पर सपा कार्यालय के पास पीछे से बाइक पर आए दो लुटेरों ने तबस्सुम के हाथ से पर्स छीन लिया। सोमवार की सुबह तबस्सुम ने कोतवाली जाकर घटना की तहरीर दी। तबस्सुम ने बताया कि बैग में दो कीमती मोबाइल, 35 सौ रुपये, घर, इंस्टीट्यूट और कार की चाबियां थीं। कोतवाल आरएन चौधरी ने बताया कि घटना की तहरीर मिल गई है। मामले में रिपोर्ट दर्ज करके बदमाशों का सुराग लगाया जाएगा।