एसडीएम का सीएचसी में छापा कई डॉक्टर और कर्मचारी गायब मिले
एसडीएम उद्भव त्रिपाठी ने सोमवार को सीएचसी तथा नगर के अनेक मोहल्लाें में जाकर सफाई व्यवस्था देखी। यहां गंदगी मिलने पर अधीनस्थों को तीन दिन में व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। सोमवार सुबह लगभग आठ बजे एसडीएम सीएचसी जा पहुंचे। वहां उन्हें पंजीकरण केंद्र बंद मिला। बाहर मरीजाें की भीड़ लगी थी। अस्पताल से कर्मचारी गायब थे। सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं थी। मेन गेट पर कूड़े का ढेर लगा था। इस पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। ओपीडी में उपस्थिति पंजिका तलब करने पर पांच चिकित्सक और 13 कर्मचारी गायब थे। इनमें डॉ. आलोक जायसवाल, डॉ. नसीमुद्दीन, डॉ. श्वेता गुप्ता, चीफ फार्मेसिस्ट कूपर चंद्र गुप्ता, नेत्र सहायक गिरीश वर्मा, डॉ. किरन गंगवार, सर्वेश कुमार, नवी जान, सरिता सक्सेना, सैफ खान, प्रमोद कुमार, मधुकर कश्यप, अब्दुल कयूम चिश्ती शामिल हैं। एसडीएम ने चिकित्साधीक्षक सूर्य प्रकाश गंगवार को पंजीकरण केंद्र और सभी काउंटर आठ बजे तक हर हाल में खुलवाने तथा सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इससे पूर्व दातागंज, निजामगंज, मुस्तफाबाद, इमली, हिंदूी पट्टी, मुस्तफाबाद आदि मोहल्लाें में सफाई व्यवस्था आदि का स्थलीय निरीक्षण किया। दातागंज, निजामगंज, मुस्तफाबाद व इमली आदि मोहल्लाें में कूड़ा सड़काें पर बिखरा तथा नालियां चोक पाई गई। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे मिले। एसडीएम ने ईओ को तीन दिन के अंदर सफाई व्यवस्था दुरस्त कराने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर दोषियाें के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।