पुवायां। बाइक सवार दो बदमाश पिता के साथ ससुराल जा रही महिला के कुंडल नोचकर भाग निकले। पुलिस ने घटना को संदिग्ध बताते हुए रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
मोहम्मदी के गांव मुकुंदपुर सैंजनियां निवासी राजेंद्र प्रसाद की पुत्री संजोबी की शादी सिंधौली के गांव पिपरिया दास में हुई है। मंगलवार को राजेंद्र प्रसाद पुत्री को बाइक से लेकर उसकी ससुराल जा रहे थे। खुटार-पुवायां मार्ग पर एक बाइक सवार दो लोगों ने उन्हें रोक लिया और कुंडल नोचकर भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद पिता-पुत्री ने शोर मचाया तो तमाम लोग मौके पर जमा हो गए।
सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेकर कुछ लोगों से पूछताछ भी की। पुलिस ने हाईवे किनारे दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका। इसके बाद राजेंद्र प्रसाद पुत्री के साथ थाने पहुंचे और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी।
थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि महिला के कानों में चोट आदि के कोई निशान नहीं हैं। कुंडल नोचे जाने से निशान जरूर पड़ने चाहिए थे। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।