भावलखेड़ा। नेशनल हाईवे पर पिता के साथ साइकिल से जा रही थाना आरसी मिशन क्षेत्र के बिजलापुर निवासी नन्ही देवी के कुंडल बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिए। पीड़ित महिला ने अजीजगंज चौकी जाकर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने उसे टरका दिया।
नन्ही पिता के साथ साइकिल से रोजा के सिमरई गांव जा रही थीं। नेशनल हाईवे पर पूर्वाह्न 11 बजे गर्रा पुल के पास साइकिल के कैरियर पर बैठीं नन्ही देवी की चोटी बाइक सवार ने बदमाश ने पकड़कर खींच ली। इससे साइकिल असंतुलित होकर गिर गई। इसके बाद बदमाश ने नन्ही देवी के कानों से कुंडल खींच लिए और भाइक से भाग गए। पंचम के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
इसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। सिपाही मौके पर पहुंचे और पीड़ितों से पूछताछ कर अजीजगंज चौकी भेज दिया। पंचम के अनुसार, उसकी सुनवाई करने के बजाये पुलिस ने बाइक का पता लगाने का आदेश देकर टरका दिया गया। कुंचल नोचे जाने से नन्ही देवी भी बिलख पड़ीं। कहा, उनके पिता ने पाई-पाई जोड़कर सोने के कुंडल बनवाकर दिए थे।