मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र में हुलासनगरा ओवरब्रिज पर रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसके दो साथी घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर हुलासनगरा ओवरब्रिज पर रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
तिलहर थाना क्षेत्र के ग्राम मीरपुर माफी निवासी अमन सिंह यादव (24वर्ष ) और सौरभ सिंह यादव शुक्रवार की शाम ग्राम हुलासनगरा निवासी महिपाल यादव के घर नामकरण संस्कार की दावत में शामिल होने गए थे। खाना खाने के बाद दोनों हुलासनगरा गांव के अमित कुमार यादव के साथ बाइक से मीरानपुर कटरा आ गए।
रात में गांव जा रहे थे बाइक सवार
रात साढ़े 11 बजे तीनों युवक बाइक से हुलासनगरा गाँव को जा रहे थे। लखनऊ दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग के हुलासनगरा ओवरब्रिज पर बरेली जा रही रोडवेज बस से बाइक को पीछे से टक्कर लग गई। हादसे में अमन की मौके पर मौत हो गई।
विज्ञापन
बाइक पर सवार सौरभ और अमित यादव गम्भीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बस को छोड़कर भाग गया। थाना प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि हादसे के बाद बस के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।