जलालाबाद। दिल्ली की संगम बिहार काॅलोनी निवासी विमल पांडेय (64) की बुधवार रात शाहजहांपुर हाईवे पर गांव कलक्टरगंज के पास सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर लगने से मौत हो गई। बाइक सवार चार लोग घायल हो गए हैं।
विज्ञापन
विमल पांडेय सीतापुर में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद कार से दिल्ली लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे कलक्टरगंज के पास उन्हें लघुशंका लगी। कार रुकवाने के बाद वह सड़क पार कर रहे थे। तभी जलालाबाद की ओर से आई तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से विमल पांडेय के अलावा बाइक सवार सोनू शर्मा, कुलदीप राठौर, रोहित राठौर व अमरजीत राठौर घायल हो गए। सीएचसी पर विमल पांडेय को मृत घोषित कर दिया गया। बाइक सवार क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी कांट में चल रहे रामलीला को देखने जा रहे थे। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे सहित अन्य परिजन कार में ही थे। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद