मीरानपुर कटरा में हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक को देखते लोग। संवाद
मीरानपुर कटरा। हुलासनगरा रेलवे फाटक पर गेट संख्या 343 पर होली स्पेशल ट्रेन से बाइक के टकराने से परखचे उड़ गए। इसके चलते स्पेशल ट्रेन 15 मिनट व वंदे भारत को मीरानपुर कटरा स्टेशन पर आधा घंटे रोककर निकाला गया।
बृहस्पतिवार को शाम चार बजे लखनऊ-दिल्ली रेलवे मार्ग के बंद हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग गेट संख्या 343-सी पर दो युवकों की लापरवाही से बड़ा हादसा होते बचा। बंद रेलवे क्रॉसिंग गेट से बाइक निकालने की कोशिश कर रहे युवकों की बाइक अपलाइन पर मऊ से अंबाला जा रही 05301 होली स्पेशल एक्सप्रेस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखचे उड़ गए। बाइक के कुछ पुर्जे स्पेशल ट्रेन के इंजन में फंस गए और करीब दो किलोमीटर तक घिसटती हुई दो टुकड़ों में बंट गई।
लोको पायलट ने इंजन के आगे बाइक फंसी देखकर गाड़ी को बरेली के बिलपुर रेलवे स्टेशन से पहले रोक दिया। घटना की सूचना कंट्रोल रूम व बिलपुर रेलवे स्टेशन मास्टर को दी। इसके बाद आरपीएफ व रेलवे के तकनीकी स्टाफ मौके पर पहुंचा और करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद इंजन में फंसी बाइक को बाहर निकाला।
इसके बाद एक्सप्रेस को रवाना किया गया। इस बीच अप लाइन पर वंदे भारत एक्सप्रेस को मीरानपुर कटरा स्टेशन पर आधा घंटा रोका गया। हादसे के दौरान बाइक सवार युवक मौके से भाग गए। बिलपुर आरपीएफ चौकी प्रभारी नरवीर सिंह ने बताया कि युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।