सेहरामऊ दक्षिणी। धान की पराली फूंकने को लगाई गई आग ने पड़ोस में गन्ने की फसल को भी चपेट में ले लिया। जब तक फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, तब तक करीब 15 बीघा गन्ने की फसल जल गई।
क्षेत्र के गांव कहेलिया मार्ग पर ददऊ निवासी झब्बू ने अपने खेत में धान की नरई रविवार शाम पांच बजे फूंकने के लिए उसमें आग लगा दी। कुछ ही देर में आग ने पड़ोस में गन्ना की फसल को भी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख गांव के लोग आग बुझाने दौड़े लेकिन कामयाबी नहीं मिल पा रही थी। कुछ लोगों ने यूपी 100 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस पहुंची और पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जब तक फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, तब तक इस आगजनी में वेदप्रकाश का दो बीघा, नेत्रपाल का दो बीघा, सतेंद्र का तीन बीघा गन्ना, गुड्डू का आठ बीघा गन्ना जल गया।