खुटार के गांव रुजहा में खाटू श्याम मंदिर के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम में मौजूद लोग। संवाद
- फोटो : सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करती छात्राएं।
खुटार। गांव रुजहा कलां के पास सिल्हुआ रोड पर बाबा खाटू श्याम के मंदिर के लिए यज्ञ और भूमि पूजन किया गया। आचार्य अनिल शास्त्री, आचार्य अचल अवस्थी, आचार्य राज मिश्रा, आचार्य त्रिलोक शास्त्री, आचार्य अमित पांडे ने पूजन के बाद यज्ञ कराया। यजमान जिला पंचायत सदस्य आनंद पटेल, पिंकी पटेल, ओमप्रकाश पटेल, राजवमी पटेल आदि ने यज्ञ में आहुतियां दीं। इस दौरान पंडाल में बाबा खाटू श्याम के चित्र के समक्ष श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। बुधवार को भंडारा होगा। इससे पूर्व मंगलवार रात श्रीरामकथा में आचार्य अजय कौशल ने सत्संग से होने वाले लाभ बताए। यज्ञ के बाद प्रसाद वितरित किया गया। भूमि पूजन समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। संवाद
झांकियों के साथ धूमधाम से हुआ दुर्गा जागरण
खुदागंज। मोहल्ला राठान के देवी स्थान परिसर में सोमवार की रात दुर्गा जागरण धूमधाम से आयोजित किया गया। इस मौके पर जागरण पार्टी के गायक कलाकारों ने फूलों से सजाया है दरबार मेरी मैया, मेरी बिगड़ी बनाने आ जा, प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी जैसे लोकप्रिय भजन सुनाकर श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। कई भजनों पर श्रद्धालु भावावेश में आकर झूमने और थिरकने लगे। इस बीच कलाकारों ने देव स्वरूपों की आकर्षक झांकियां दिखाकर सभी का मन मोह लिया। इस दौरान अश्विनी अग्निहोत्री, बाबा हरपाल, किशन लाल राठौर, विष्णु गुप्ता, रामजी गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद
भागवत कथा सुनने से पापों से मिलती है मुक्ति
पुवायां। गांव नहिलोरा बुजुर्ग में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में कथा व्यास मायाराम त्रिवेदी ने कथा के महात्म्य के बारे में बताया। कथा व्यास ने सुनाया कि मनुष्य जीवन की बात क्या करें, भागवत कथा से वह प्रेत तक पापों से मुक्ति पा जाते हैं जो मृत्यु के बाद पापकर्मों के चलते भूत, प्रेत की योनि में जाते हैं। उदाहरण के रूप में उन्होंने गोकर्ण धुंधकारी की कथा का वर्णन किया। बताया कि धुंधकारी पाप कर्मों से प्रेत हुआ लेकिन भागवत कथा सुनने से मुक्ति पाकर उसे देवलोक प्राप्त हुआ था। कथा के बाद आरती कर प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन में पूर्व प्रधान दिनेश गुप्ता सहित तमाम लोगों का सहयोग रहा। संवाद