तिलहर। किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को तहसील अध्यक्ष गेंदन लाल लोधी के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना दिया। सुबह 10 बजे शुरू हुए प्रदर्शन में किसानों ने 11 सूत्री मांगों के निस्तारण की मांग की। एसडीएम आदित्य श्रीवास्तव ने जांच कराकर समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हो गया।
किसानों ने लाईखेड़ा, पिटरहाई और बेहटा खास में जमीनों से अवैध कब्जे हटवाने, तिलहर-रुजवारी-निगोही मार्ग की मरम्मत कराने और धान की फसल के नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की। धान क्रय केंद्रों पर बिचौलियों के माध्यम से खरीद होने का आरोप लगाते हुए निरीक्षण और कार्रवाई की मांग उठाई।
इसके अलावा आवारा गोवंशीय पशुओं से फसलों की सुरक्षा के लिए गोशाला और नंदीशाला बनवाने, जलनिकासी के लिए नालियों का निर्माण, बंद नालियों की सफाई और गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की। राशन कार्ड से छूटे सदस्यों के नाम जुड़वाने और 15 दिन में नए राशन कार्ड बनवाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। एसडीएम ने सभी मांगों पर जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया।