पुवायां। बिजली से संबंधित किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के कार्यकर्ता सोमवार को पुवायां के बिजली उपकेंद्र पर धरने पर बैठ गए।
धरना स्थल पर किसानों को संबोधित करते हुए यूनियन के जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि बिलंदापुर फीडर पर बेला जमीने बनिगवां तक नई बिजली लाइन बनाई जानी है, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं किया गया है। जेई के कार्यालय पर कई प्राइवेट लोग लगे हुए हैं, उनको मानदेय कहां से दिया जा रहा है, यह कोई बताने को तैयार नहीं है।
नलकूप के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वालों को उपकेंद्र के चक्कर लगवाए जाते हैं, इससे किसान बेहद परेशान हैं। इसके अलावा गांव रामपुर जमीने रघुनाथपुर के किसान नन्हेलाल के नलकूप का ट्रांसफार्मर दो माह से खराब है। नन्हेलाल अपने वाहन से ट्रांसफार्मर को कार्यशाला ले गए लेकिन पीआर नंबर कार्यशाला नहीं भेजे जाने से ट्रांसफार्मर नहीं लग पा रहा है।
बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर 16 मई को ज्ञापन देने के बाद भी समाधान नहीं होने पर किसानों को मजबूरन धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है। धरना स्थल पर राशिराम वर्मा, सतेंद्र सिंह यादव, अनिरुद्ध राज, रामजी शर्मा, जसपाल सिंह, स्वर्ण सिंह, गुड्डी किन्नर, फिरोज खां, सोनपाल सिंह, संतोष कुमार, राजपाल सिंह सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।