फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: राजीव चौक पर भाकियू ने दिया धरना, जाम से परेशान रहे लोग

विज्ञापन
पुवायां में राजीव चौक पर भाकियू पदा​धिकारियों से वार्ता करतीं एसडीएम चित्रा निर्वाल। संवाद
विज्ञापन
पुवायां। किसानों की समस्याओं को लेकर दिए गए ज्ञापन के बाद भी समाधान नहीं होने का आरोप लगाते हुए भाकियू चढ़ूनी गुट के कार्यकर्ताओं ने राजीव चौक पर धरना शुरू कर दिया। तीन घंटे कड़ी धूप में इंतजार के बाद जब किसानों ने जाम लगाया तब एसडीएम वार्ता करने के लिए मौके पर पहुंचीं और धरना समाप्त कराया। जाम लगने से लोग परेशान रहे।
विज्ञापन

भाकियू चढ़ूनी गुट के जिलाध्यक्ष भारत सिंह ने बताया कि चार अक्तूबर को तहसील समाधान दिवस में एसडीएम को ज्ञापन देकर धान की फसल बिक्री में आढ़ती और मिल मालिक सीडी, कर्दा और धर्मकांटा के नाम पर कटौती बंद कराने, डीएम के कड़े निर्देशों के बावजूद सड़कों पर घूम रहे छुट्टा पशुओं को पकड़कर गोशाला भिजवाने, चीनी मिलों से गन्ना किसानों का बकाया भुगतान दिलाने आदि समस्याओं का सात अक्तूबर तक समाधान कराने की मांग की गई थी।
समाधान नहीं होने पर आठ अक्तूबर को राजीव चौक पर धरना देने की चेतावनी भी दी गई थी। तय कार्यक्रम के अनुसार, पूर्वाह्न 11:30 बजे भाकियू कार्यकर्ता राजीव चौक पर पहुंच गए और धरना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद नायब तहसीलदार जगत मोहन जोशी ने मौके पर पहुंचकर वार्ता की तो उन्होंने एसडीएम से ही वार्ता करने की बात कहते हुए वापस कर दिया।
विज्ञापन

इसके बाद कई घंटे तक कार्यकर्ता कड़ी धूप में चौराहे पर बैठे रहे, लेकिन एसडीएम मौके पर नहीं पहुंचीं। इस पर अपराह्न 2:30 बजे किसानों ने चौराहे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने मामले की जानकारी एसडीएम को दी तो पौने तीन बजे एसडीएम मौके पर पहुंचीं और पदाधिकारियों से वार्ता करके जल्द सुनवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने जाम खोल दिया। इस मौके पर तराई क्षेत्र के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह गिल, तहसील अध्यक्ष संजय मिश्रा, महेश चंद्र वर्मा, कर्मजीत सिंह, सोनवीर सिंह चौहान, संतोष कुमार आदि किसान मौजूद रहे।



जाम में फंसकर परेशान हुए स्कूली बच्चे
पुवायां का राजीव चौक काफी व्यस्त चौराहा है। शाहजहांपुर, खुटार, बंडा, निगोही और कस्बे के अंदर जाने वालों को यहां से गुजरना होता है। इसलिए यहां आए दिन जाम लग जाता है। बुधवार को धरना शुरु होने के बाद मामले की जानकारी अधिकारियों तक पहुंची तो थाना प्रभारी रवि करन सिंह मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था को संभाला। कुछ देर बाद वह मौके से चले गए तो यातायात फिर बाधित होने लगा। पौने तीन बजे एसडीएम के पहुंचकर वार्ता करने के बाद धरना समाप्त हुआ तो लोगों का कहना था कि कई घंटे तक चले धरने में अधिकारी पहले ही मौके पर आकर वार्ता कर लेते तो तीन घंटे तक लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।


मीडिया के सवालों से बचती नजर आईं एसडीएम
पुवायां। राजीव चौक पर तीन घंटे तक चले धरने के बाद देरी से पहुंचने के संबंध में जब एसडीएम चित्रा निर्वाल से जानकारी की गई तो वह पहले सवालों से बचती नजर आईं। बाद में उन्होंने बताया कि जब धरना शुरू हुआ तो वह ऑफिस में जनसुनवाई कर रहीं थीं। इसके बाद कोर्ट में सुनवाई करने लगींं। इस कारण वार्ता के लिए आने में देरी हुई। जाम लगने के सवाल पर बोलीं कि यह किसान यूनियन के नेताओं को समझना चाहिए था कि चौराहे पर धरना देने से लोगों को परेशानी होगी। संवाद

पुवायां में राजीव चौक पर भाकियू पदाधिकारियों से वार्ता करतीं एसडीएम चित्रा निर्वाल। संवाद

पुवायां में राजीव चौक पर भाकियू पदाधिकारियों से वार्ता करतीं एसडीएम चित्रा निर्वाल। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें