शाहजहांपुर। भैयादूज को लेकर बुधवार को पूरे दिन खरीदारी का दौर चला। बहनों को देने के लिए उपहार खरीदे गए। मिठाई की दुकानों पर भी भीड़ रही। खुली के साथ ही पैकेट बंद वाली मिठाई भी खूब पसंद की गई। देर रात तक लोगों ने जमकर खरीदारी की है।
भाईदूज के मौके पर भाई के माथे पर तिलक लगाकर मिठाई खिलाने के बाद उपहार देने का रिवाज है। बुधवार को उपहार की दुकानों पर काफी भीड़ रही। बहन और भाई की तस्वीर वाले कॉफी मग की काफी मांग रही। यह डेढ़ सौ से चार सौ रुपये तक में बिके। इसी तरह 450 से 500 रुपये वाली रिस्ट वॉच भी खरीदी गईं।
परफ्यूम सेट, बहन और भाई के कोटेशन सबसे ज्यादा पसंद किए गए। उपहार व्यापारी शोभित गुप्ता ने बताया कि शोपीस उपहार भी काफी बिके हैं। लोगों ने भैयादूज के लिए पहले से भी खरीदारी कर ली थी।
भैयादूज से पहले मिठाई की दुकानों पर काफी भीड़ रही। लोगाें ने दूध और खोए से बनी मिठाई को ज्यादा पसंद किया। मिठाई कारोबारी संजीव राठौर ने बताया कि भैयादूज पर मलाई के लड्डू, लौज, रस मलाई व खोए की मिठाई में गोंद के लड्डू, बर्फी व पेड़ा खरीदा जा रहा है। मिठाई चार सौ से छह सौ रुपये तक बिक रही है।
पैकेट वाली मिठाई भी खूब पसंद की जा रही
खुली मिठाई के साथ ही पैकेट वाली भी खूब पसंद की जा रही है। व्यापारी चंद्र प्रकाश गुलाटी ने बताया कि पैकेट बंद सोनपपड़ी भी खूब पसंद की जा रही है। ये 80 रुपये की आधा किलो उपलब्ध है। इसी तरह सोन हलवा, बेसन लड्डू पंजीरी आदि भी खरीदे गए हैं। चॉकलेट भी काफी पसंद की गई है।
भाई दूज का शुभ मुहूर्त
श्री रुद्र बाला जी धाम के पुजारी पंडित कान्हा कृष्ण शुक्ला ने बताया कि इस साल भाई दूज की तिथि बुधवार की शाम 6:18 बजे से बृहस्पतिवार रात 8:23 बजे तक रहेगी।
तिलक करने का शुभ समय
-सुबह 6:17 से 7:41 बजे तक
- पूर्वाह्न 10:30 से अपराह्न 1:15 बजे तक
- शाम 4:10 से रात 8:23 बजे तक
बहादुरगंज बाजार में गोले की खरीदारी करते लोग। संवाद
बहादुरगंज बाजार में गोले की खरीदारी करते लोग। संवाद