शाहजहांपुर। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत शुक्रवार को एसएस कॉलेज में अमृत खेल सप्ताह के तहत कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। आजाद इलेवन को कड़ी टक्कर देते हुए भगत इलेवन टीम दो अंक से मैच की विजेता रही।
कबड्डी मैच में कॉलेज के 24 छात्रों ने प्रतिभाग किया। इसमें भगत इलेवन व आजाद इलेवन की टीम के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। मैच बेहद रोमांचक हुआ। खेल के आखिरी कुछ सेकंड में भगत इलेवन ने दो अंक की बढ़त बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस पर कॉलेज प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार आजाद ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना को सर्वोपरि बताया। इस मौके पर कॉलेज में शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अजीत सिंह चारग, प्रवक्ता डॉ. प्रभात शुक्ला, डॉ. आदित्य कुमार सिंह, डॉ. शालीन कुमार सिंह, डॉ. प्रांजल शाही, डॉ. रमेश चंद्रा, डॉ. दीपक सिंह आदि मौजूद रहे।