शाहजहांपुर। शहर और आसपास के मार्गों पर सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बढ़ाने के लिए शुरू की गई ई-बस सेवा अब बैटरी बैकअप की समस्या से जूझ रही है। बसों की बैटरियां कमजोर होने से अचानक बैटरी डाउन हो जाती है और बसें रास्ते में खड़ी करनी पड़ती हैं। इसके चलते ई-बसों के चक्कर भी कम करने पड़े हैं। वर्तमान में 25 ई-बसों में से महज 20 का ही संचालन हो पा रहा है। इनमें भी कई बसों की बैटरियां पूरी क्षमता के साथ काम नहीं कर रहीं हैं।
शाहजहांपुर में ई-बसों का संचालन मार्च 2022 में शुरू हुआ था। पहले बसों की संख्या कम थी, बाद में पांच और फिर 15 नई बसें आने से बेड़ा बढ़कर 25 हो गया। अब तीन बसें करीब दो वर्ष पहले बाढ़ में बैटरी खराब होने के बाद से खड़ी हैं। इनकी नई बैटरियां आ चुकी हैं, लेकिन कुछ पार्ट दूसरी बसों में इस्तेमाल किए जाने के कारण इनका संचालन शुरू नहीं हो सका है।
संबंधित पार्ट आने में करीब एक माह लगने की बात कही जा रही है। एक बस एसी का कंप्रेशर और दूसरी तकनीकी खराबी के कारण खड़ी है। वहीं, शहर की उबड़-खाबड़ सड़कों के कारण भी संचालन में समस्या आ रही है।
160 से 170 किमी का बैकअप, नई बैटरियों से 250 किमी तक की उम्मीद
ई-बसों में पांच बैटरियों का पैक लगाया जाता है। मौजूदा बैटरियां फुल चार्ज होने पर करीब 160 से 170 किलोमीटर तक का बैकअप देती हैं। इनमें से एक या दो बैटरियां कमजोर होने पर बस का संचालन प्रभावित हो जाता है। इससे अचानक चार्ज कम होने की समस्या आती है। अब 200 से 250 किलोमीटर तक बैकअप देने वाली नई बैटरियां लगाई जा रही हैं। नौ नए बैटरी पैक आ चुके हैं।
चार्जिंग स्टेशन बनने के बाद 25 और बसें मिलने की उम्मीद
जलालनगर बाहर चुंगी पर नया चार्जिंग स्टेशन प्रस्तावित है। इसके बनने के बाद 25 नई ई-बसें मिलने की संभावना है। इससे नए मार्गों पर सेवा विस्तार किया जा सकेगा। वर्तमान में ई-बसें पुवायां, निगोही, बरेली मोड़-मदनापुर और बरेली मोड़-कुर्रियाकलां मार्ग पर चल रही हैं। बरेली मोड़ से रेलवे स्टेशन का मार्ग खोदाई के कारण बंद है। बसों की संख्या बढ़ने पर सभी मार्गों पर एक-एक बस और बढ़ाने की तैयारी है।
80 से 82 हजार रुपये रोजाना की आमदनी
ई-बसों से वर्तमान में रोजाना करीब 80 से 82 हजार रुपये की आमदनी हो रही है। इसमें पुवायां मार्ग सबसे अधिक आय देने वाला है। अधिकारियों के अनुसार सभी बसों की क्षमता के अनुसार संचालन होने पर आमदनी में करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है।
सभी ई-बसों का टेक्निकल एक्सपर्ट से मुआयना कराया जाता है। कभी-कभी रास्ते में बस खराब होने की समस्या आती है। बैटरियों को बदला जा रहा है। जल्द सभी ई-बसों की बैटरियां बदल जाएंगी, जिससे समस्या खत्म होगी।
-गुलशन कुमार, ई-बस सेवा प्रभारी