श्रीकृष्णा नगर मंदिर में मंगलवार को भगवान सालिगराम और माता तुलसी का विवाह धूमधाम से रचाया गया। इस पुनीत अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा (बारात) निकाली गई। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा और जलपान कराकर स्वागत किया गया। बैंड बाजे और डीजे पर बज रहे भजनों पर गोपियों के रूप में शामिल झांकियों के कलाकारों तथा महिलाओं और पुरुषों ने जमकर नृत्य किया। इस अवसर पर आयोजकों ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सात कन्याओं का विवाह भी अपने खर्चे पर कराया और आपसी सहयोग से उपहार स्वरूप गृहस्थी का सामान भी दिया।
कृष्णा नगर मंदिर में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी मंगलवार को सुबह से ही गहमागहमी थी। पूरे मोहल्ले में खुशियां मनाई जा रही थीं। घरों में बिजली की झालरों से जगमगाहट की गई। महिलाएं और युवतियां मेहंदी रचाकर और रंग-बिरंगी पोशाकों में सजधज कर बारात में शामिल हुईं। पुरुषों ने गुलाबी पगड़ी बांध रखी थी। वर पक्ष की जिम्मेदारी भारत भूषण खुराना और रोजी खुराना तथा वधू पक्ष की जिम्मेदारी नरेश सचदेवा और ममता सचदेवा ने निभाई।
आकर्षक झांकियों और बैंडबाजे के साथ निकली बारात में फू लों से सुसज्जित रथ पर लड्डू गोपाल को बिराजमान किया गया था। महिलाएं और पुरुष संकीर्तन करते हुए नृत्य कर रहे थे। शोभायात्रा खिरनीबाग चौराहा, कलक्ट्रेट चौराहा, गोविंदगंज, सदरबाजार, बहादुरगंज आदि क्षेत्रों से होते हुए देर रात मंदिर परिसर में ही संपन्न हुई। मंदिर पहुंचने पर बारातियों का फूलमालाएं पहनाकर और जलपान कराकर स्वागत किया गया। यहां ढोलबाजों की धुनपर महिलाओं ने खूब नृत्य किया।
रात में मंदिर पुजारी अखिलेश कुमार शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तुलसी जी और सालिगराम की भांवरें डलवाईं। इस बीच चले भंडारे में बारातियों और जिन सात जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, उनके घरवालों और रिश्तेदारों ने व्यंजनों का आनंद लिया।
आयोजन में समिति के प्रधान सुशील नारंग, कमलेश सचदेवा, हरीश बजाज, अनिल तनेजा, जसवीर टंडन, जगदीश गोगिया, भारत भूषण खुराना, संजय सचदेवा, देवेंद्र खुराना, अनिल कक्कड़, मनीष गोगिया, नवीन सचदेवा, जसवंत जय सिंह, चतुर सिंह, मोहन लाल अरोरा आदि का योगदान रहा।
बारातियों कोेेे कराया जलपान
शोभायात्रा के एसपी ऑफिस के सामने से गुजरने पर दीपक गुप्ता और गंगा गुप्ता ने अपने सहयोगियों के साथ बारातियों को जलपान कराया और फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। लड्डू गोपाल की आरती कर प्रसाद चढ़ाया और आशीर्वाद लिया।
ये युवा हुए एक-दूजे केे
कृष्णा नगर मंदिर में माता तुलसी और भगवान सालिगराम के विवाह उत्सव में सात कन्याओं का भी विवाह कराया गया। इस अवसर पर आकाश जोशी ने पिंकी जोशी, शिवराम कश्यप ने रूबी, रजत राजपूत ने रिंकी, शिवम वर्मा ने सविता, राहुल ने पलक, अरविंद ने दुर्गा, मनीष ने शिवानी का हाथ थामा और एक-दूसरे को जयमाल पहनाकर अग्नि के सात फेरे लिए। आयोजकों ने सभी जोड़ों को बेड, अलमारी, विस्तर, बर्तन, वस्त्र समेत बड़ी संख्या में गृहस्थी का सामान उपहार स्वरूप भेंट किया।