शाहजहांपुर। कई दिन से उमड़-घुमड़ रही काली घटाओं ने बुधवार को आसमान पर घेराबंदी की तो ऐसा लगा कि झमाझम बरसात होगी, लेकिन अन्य दिनों की तरह सिर्फ मामूली बूंदाबांदी हुई और बाद में बादलों की चादर झीनी पड़ने से उमस महसूस होने लगी।
बूंदाबांदी से इतना जरूर हुआ कि पारा गिरने और वातावरण में नमी बढ़ने से उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिल गई। चूंकि, बूंदाबांदी सुबह 8.30 बजे से शुरू हो गई, इसलिए स्कूलों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति घट गई। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार बुधवार को सुबह दो मिमी बारिश रिकार्ड की गई। उन्होंने बताया कि बूंदाबांदी के कारण दिन में अधिकतम तापमान पिछले 24 घंटे की तुलना में 2.3 डिग्री घटकर 33 डिग्री सेल्सियस रह गया और आर्द्रता बढ़कर 92 प्रतिशत हो गई। डॉ. सिंह के अनुसार बैरोमीटर की रीडिंग मेें 18 मिलीबार की वृद्धि से गुरुवार को मामूली बूंदाबांदी के अलावा मौसम साफ रहने का अनुमान है।