शाहजहांपुर ने बरेली को हराकर ट्राफी पर किया कब्जा
पुलिस लाइंस में आयोजित 65वीं अंतरजनपदीय हैंडबाल प्रतियोगिता में शाहजहांपुर की टीम ने बरेली को 13-11 अंक से पराजित कर शील्ड पर कब्जा जमाया। विजेता खिलाड़ियों को आईजी विजय सिंह मीना ने ट्राफी देकर पुरस्कृत किया। पुलिस लाइंस मैदान पर शुक्रवार को शाहजहांपुर और बरेली टीम के मध्य हैंडबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच खेला गया। मैच का शुभारंभ आईजी विजय सिंह मीना ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इसके बाद कड़े संघर्ष में शाहजहांपुर के खिलाड़ियों ने बरेली की टीम मो 13-11अंक से हराकर शील्ड पर कब्जा कर लिया। चूंकि विगत दिन हुए हॉकी मैच में भी शाहजहांपुर की टीम विजयी रही थी। शुक्रवार को आईजी विजय सिंह मीना ने शाहजहांपुर की हॉकी और हैंडबाल की विजेता टीम को ट्राफी देकर सम्मानित किया। पुरस्कार वितरण समारोह में एसपी डा. मनोज कुमार, एसपी सिटी राजेश कुमार, एसपी ग्रामीण रमेश भारतीय, सीओ सिटी, सीओ नगर, क्षेत्राधिकारी लाइंस/ सदर आदि मौजूद रहे।