शाहजहांपुर। दिवाली पर मां लक्ष्मी के पूजन के अगले दिन मंगलवार सुबह घरों में सूप बजाकर अलक्ष्मी को विदा करने की परंपरा निभाई गई। महिलाओं ने घर के विभिन्न हिस्सों में सूप बजाते हुए दरवाजे तक जाकर अलक्ष्मी को बाहर करने की रस्म पूरी की। साथ ही परिवार में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
विज्ञापन
श्री रुद्र बालाजी धाम के पं. डॉ. कान्हा कृष्ण शुक्ल ने बताया कि दिवाली की रात माता महालक्ष्मी का आवाहन और पूजन किया जाता है। वहीं, अगले दिन सुबह सूप बजाकर अलक्ष्मी को घर से विदा करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार अलक्ष्मी दरिद्रता, कलह और नकारात्मकता की प्रतीक हैं। सूप बजाकर उन्हें घर से बाहर विदा किया जाता है, ताकि परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। उन्होंने बताया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में यह लोक परंपरा अब भी श्रद्धा से निभाई जाती है। संवाद