पुवायां (शाहजहांपुर)। पुवायां क्षेत्र के एक बदमाश ने बिजनौर के नगीना क्षेत्र में एक कार ड्राइवर को गोली मार दी। कार लूटकर भाग रहे बदमाशों को नगीना और उत्तराखंड पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया है। बदमाश ने अर्टिगा कार हरिद्वार से दिल्ली के लिए बुक की थी।
बिजनौर में नगीना क्षेत्र के सीओ सुमित शुक्ला ने बताया कि बंडा के गांव रामपुर हीरा निवासी शुभदीप ने सात अगस्त की शाम हरिद्वार से दिल्ली जाने के लिए कार बुक की थी। नगीना थाना क्षेत्र में शुभदीप ने ड्राइवर फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में स्वामीनगर रेलवे स्टेशन निवासी रामनारायण गुप्ता को गोली मार दी और कार लूट कर भाग निकला।
आठ अगस्त की सुबह बिजनौर के एएसपी और नगीना के सीओ ने उत्तराखंड की रुद्रपुर पुलिस की मदद से किच्छा रुद्रपुर पुलिस चौकी के सामने से शुभदीप को कार सहित पकड़ लिया। निशानदेही पर रास्ते में फेंका गया एक तमंचा, कारतूस आदि भी बरामद हुए हैं। शुभदीप के पकड़े जाने की सूचना गांव में भी पहुंच चुकी है। ड्राइवर की हालत गंभीर है।
एक कार ड्राइवर को गोली मारकर कार लूट ली गई थी। घटना के बाद पुलिस टीमें सक्रिय हो गईं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से शुभदीप को पकड़ लिया गया है। शुभदीप पुराना अपराधी है और शाहजहांपुर में उस पर सात मुकदमे दर्ज हैं। - दिनेश सिंह, एसपी बिजनौर
गलत सोहबत में बिगड़ गया बड़े घर का शुभदीप
पुवायां। शुभदीप सिंह गांव रामपुर हीरा निवासी सुमित्र सिंह का इकलौता पुत्र है। सुमित्र सिंह क्षेत्र के संभ्रात व्यक्ति हैं और काफी संपन्न हैं। उनकी पुवायां में रेडीमेड की दुकान है। इकलौता पुत्र होने से शुभदीप लाड़ में बिगड़ गया और गलत संगत में पड़ गया। वह बाइक चोर गिरोह से जुड़ गया और बाइक चोरी कर पांच हजार रुपये में लखीमपुर के प्रेम सिंह को बेचने लगा। प्रेम सिंह नेपाल बार्डर के नजदीक रहता है और चोरी की बाइकों को नेपाल में खपाने का काम करता है। शुभदीप के चालक को गोली मारने के बाद कार लूटने की जानकारी पाकर पिता, मां परेशान हो उठे। पड़ोस के लोगों ने उनको समझाया। सुमित्र सिंह ने कहा कि वह पुत्र का चेहरा तक नहीं देखना चाहते हैं और उसकी जमानत नहीं कराएंगे।
डेढ़ साल पहले शाहजहांपुर में पकड़ा था शुभदीप
पुवायां। गांव रामपुर हीरा निवासी शुभदीप सिंह के तार ऐसे गिरोह से जुड़े हुए हैं जो कई जिलों से वाहन चोरी कर नेपाल ले जाकर बेच देता है। वह 25 जनवरी 2021 को शाहजहांपुर सदर थाना क्षेत्र में पकड़ा गया था। उसके साथ लखीमपुर के तिकुनियां थाना क्षेत्र का प्रेम सिंह उर्फ पम्मा भी पकड़ा गया था। दोनों के पास से बाइकें भी बरामद हुई थीं। शुभदीप कई बार जेल जा चुका है।