रोजा। ग्राम पंचायत चौढेरा में आयोजित क्रिकेट प्रीमियर लीग में मंगलवार को पहला सेमीफाइनल मैच खेला गया। इसमें बाडीगांव क्रिकेट क्लब ने ऐंठापुर क्रिकेट क्लब को 29 रन से हराकर मैच जीत लिया।
ऐंठापुर ने टाॅस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया l इसमें बाडीगांव ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 10 ओवर में सात विकेट खोकर 116 रन बनाए। बाडीगांव की तरफ से गुलफाम ने आठ, अजरु ने 16 और शहबाज व रवि ने 17-17 रन की पारी खेली। जवाब में ऐंठापुर की टीम 10 ओवर में छह विकेट पर 87 रन ही बना पाई। बाडीगांव ने 29 रन से यह मैच जीत लिया l
बाडीगांव की तरफ से शहबाज ने तीन ओवर में चार विकेट लिए और अपनी टीम के लिए 17 रन की शानदार पारी भी खेली। इसके लिए उनको मैन ऑफ द मैच चुना गया l बाडीगांव की टीम फाइनल में पहुंच गई। टूर्नामेंट के दौरान राहुल वर्मा, मुनेश्वरदयाल, राजीव वर्मा, संजय, मनोज, संजीव आदि उपस्थित रहे l आयोजकों ने बताया कि दूसरा सेमीफाइनल मैच बुधवार को रौसर कोठी क्रिकेट क्लब की टीम और कनेंग क्रिकेट क्लब के बीच दोपहर 3:30 बजे से होगा।