शाहजहांपुर। गत वर्ष नगर निगम की ओर से गर्रा फाटक से बरेली मोड़ तक बनवाई गई सड़क अजीजगंज के पास कई जगह धंसने लगी है। सड़क पर कई गहरे गड्ढे कभी भी हादसे की वजह बन सकते हैं। इसी तरह शहर के अंदर कई जगह सड़कें जर्जर हो गई हैं। लोनिवि अभियंताओं के अनुसार शासन से मिले 30 लाख रुपये के बजट से गर्रा फाटक-बरेली मोड़ मार्ग समेत जनपद के अन्य ग्रामीण मार्गों के गड्ढे पाटे जाएंगे।
शहर को लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाले करीब 1.80 किमी लंबे बरेली मोड़-गर्रा फाटक मार्ग को फोरलेन बनाने के लिए शासन ने तीन वर्ष पहले 11.20 करोड़ रुपये बजट स्वीकृत किया था। बजट की पहली किश्त अवमुक्त होने में देरी होने सड़क निर्माण का काम करीब एक वर्ष पिछड़ गया। गत वर्ष मार्च तक केवल तीन करोड़ रुपये मिल सके। इस कारण नगर निगम और उसकी कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एक वर्ष तक फुटपाथों पर गिट्टी-पत्थर डलवाते रहे। बाद में डिवाइडर बनाने का काम हुआ। इस बीच, सड़कों पर रोलर चलाने में लापरवाही बरती गई। नतीजे में यह सड़क डिवाइडरों के खुले हिस्सों के पास कई जगह उखड़ रही है।
अजीजगंज में गर्रा पुल के पास हो गया जानलेवा गड्ढा
शहर से अजीजगंज की ओर चलने पर गर्रा पुल पार करते ही एक जगह सड़क के बीच गहरा गड्ढा हो गया है और उसके अंदरझांकने पर सरिया का जाल दिख रहा है। नीचे की मिट्टी धंसने से सड़क के ऊपरी हिस्से की बजरी-कोलतार वाली परत एक तरह से हवा में लटकी है। रात में कोई भी भारी वाहन उधर से गुजरने पर उसका पलटना तय है। दिन में यातायात का दबाव ज्यादा रहने से लोग धीमी गति से निकलते हैं, लेकिन रात में खाली सड़क पर तेज गति से वाहन दौड़ने पर दुर्घटना का खतरा ज्यादा है।
मरम्मत कराने के बजाय बांस-बल्लियों से घेरी सड़क
शहर के अंदर करीब एक दशक पहले सपा शासनकाल में हॉटमिक्स से बनाई गई सड़कें वाहनों के भारी दबाव के कारण पहले से क्षतिग्रस्त हो रही हैं, बाकी कसर जल निगम के ठेकेदार सीवर लाइन डालने के लिए सड़कों की खोदाई कर पूरी किए दे रहे हैं। कई जगह जल निगम की पेयजल पाइप लाइन के लीकेज हो गए हैं। टाउनहाल में शहीद उद्यान गेट के पास सीवर लाइन डाले जाने के बाद निगम के ठेकेदार वहां से सामान समेटकर जा चुके हैं, लेकिन न तो मेन होल बंद किया और न ही सड़क को समतल करने के लिए पैचवर्क किया गया। वहां पार्क घूमने आने वालों के कारण शाम को मेले जैसा माहौल बन जाता है। इसी तरह लाल इमली चौराहा-निशात तिराहा मार्ग पर जर्जर नाला की मरम्मत नहीं होने से सड़क भी खराब हो रही है। नगर निगम ने निर्माण कार्य कराने के बजाय वहां सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से पर बांस-बल्लियों की बाड़ लगवा दी, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है।
बारिश बंद होने के साथ मौसम साफ होते ही गर्रा फाटक से अजीजगंज होते हुए बरेली मोड़ तक जाने वाले मार्ग पर गड्ढे भराने को पैचवर्क शुरू करा दिया जाएगा। शासन से बजट विभाग के अधीन नगरीय और ग्रामीण सड़कों की दशा ठीक करने के लिए मिला है। शहर के अंदर सभी सड़कों के रखरखाव की जिम्मेदारी नगर निगम के अधिकारियों की है और उन्हीं के स्तर से खोदी गईं सड़कें ठीक कराई जाएंगी। -राजकुमार पिथौरिया, अधिशासी अभियंता, लोनिवि (प्रांतीय खंड)
मोहल्ला अजीजगंज की ओर जाने वाली सड़क पर हुआ गड्ढा- फोटो : SHAHJAHANPUR