शाहजहांपुर के सेहरामई दक्षिणी क्षेत्र में बृहस्पतिवार को सिवई नाले में डूबने से बीए के छात्र की मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया।
शाहजहांपुर के सेहरामई दक्षिणी क्षेत्र के गांव बंदरिया निवासी जागेश्वर के पुत्र संकेत उर्फ आशीष कुमार (24) की बृहस्पतिवार को सिवई नाले में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दमकल टीम को बुलाकर नाले में तलाश कराई। काफी प्रयास के बाद टीम ने छात्र का शव बरामद कर लिया।
विज्ञापन
जागेश्वर ने बताया कि उनका पुत्र संकेत जीएफ कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। बृहस्पतिवार सुबह घर पर खाना खाने के बाद वह गांव के आनंद, निखिल, मोनू, अनिकेत और अपने चचेरे भाई पुष्पेंद्र के साथ बरमौला जाने वाले संपर्क मार्ग पर स्थित सिवई नाले में नहाने गया था। साथियों के अनुसार, नहाते समय संकेत सड़क मार्ग पर बनी पुलिया पर चढ़कर नाले में कूदा और कुछ देर बाद बाहर निकल आया। इसके बाद उसने दोबारा नाले में छलांग लगाई, लेकिन इस बार वह पानी से बाहर नहीं आया। साथियों ने शोर मचाते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
सूचना पर परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने काफी देर तक तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने दमकल विभाग की टीम को मौके पर बुलाया। एलएसएम मोहन लाल वर्मा के नेतृत्व में पुष्पेंद्र सैनी, रामजी यादव, धर्मवीर सिंह और सर्वजीत सिंह ने नाले में तलाश शुरू की। टीम ने प्रयास कर संकेत का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।