शाहजहांपुर। लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने जनपदवासियों को होली का तोहफा देते हुए अजीजगंज से कांट, चौहनापुर होते हुए मदनापुर तक 61.44 किमी मार्ग के चौड़ीकरण व मरम्मत के लिए 167.32 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दिलाई है। राज्य सड़क निधि से बनने वाली डबल लेन सड़क के लिए 16 करोड़ 73 लाख 27 हजार रुपये की पहली किस्त भी जारी करा दी है। लोनिवि अभियंताओं के अनुसार सड़क चौड़ीकरण का काम इसी माह से शुरू हो जाएगा।
इस मार्ग पर काफी समय से मरम्मत न होने से गहरे गड्ढे हो चुके हैं। आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। इसके लिए जनप्रतिनिधियों ने पीडब्ल्यूडी मंत्री को प्रस्ताव भेजा था। इस पर उन्होंने इस मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कराने का निर्णय लिया। भाजपा नेता कौशल मिश्रा के अनुसार प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मुख्यमंत्री योगी सड़कों में सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं, इसलिए मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार लोनिवि मंत्री ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों को प्राथमिकता से निर्मित कराने में जुटे हैं। इससे पूर्व भी राज्य सड़क निधि योजना के अंतर्गत पीडब्ल्यूडी मंत्री कई सड़कों के निर्माण के लिए मंजूरी दे चुके हैं।