शाहजहांपुर। माघ मेले के लिए शाहजहांपुर डिपो से रोडवेज की 60 बसें अयोध्या भेजी जाएंगी। परिवहन निगम के अधिकारी सोमवार से बसों को रवाना करना शुरू कर देंगे। बताया जा रहा है कि 15 फरवरी के बाद बसें लौटेंगीं। ऐसे में ये 11 दिन यात्रियों के लिए काफी मुश्किल भरे रहने वाले हैं।
हरदोई रीजन से 220 बसों की मांग की गई थी। क्षेत्रीय अधिकारियों के निर्देश पर यहां से 60 बसों को भेजने के लिए चिह्नित किया गया। ऐसे में रोडवेज के बेड़े में बसों की काफी कमी हो जाएगी। निगम की 50 और अनुबंधित 80 बसों के सहारे ही यात्रियों को सफर कराया जाएगा। अभी तक बस अड्डे से हर 15 मिनट में बस मिलती है। बसाें की संख्या कम होने से यात्रियों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ेगा। डिपो प्रभारी विनोद मिश्रा ने बताया कि बसों को अयोध्या में मांगा गया है। वहां से अलग-अलग जगहों पर बसों को भेजा जा सकता है।
चार बसों का अनुबंध समाप्त
- रोडवेज के बेड़े में 110 सरकारी व 84 अनुबंधित बसों का संचालन होता है। चार बसों का अनुबंध समाप्त होने के बाद अनुबंधित बसों की संख्या 80 रह गई। माघ मेले में बसों के जाने से अनुबंधित बसों पर अधिक निर्भरता बढ़ेगी। इनके फेरों को बढ़ाए जाने की तैयारी की गई है।