मुस्तकीम के शव को देख बिलख पड़े परिजन। संवाद
- फोटो : Archive
खुदागंज। कटरा-खुदागंज मुख्य मार्ग पर गांव फत्तेपुर के पास बृहस्पतिवार दोपहर सड़क पर आए कुत्ते को बचाने में ऑटो पलट गया। हादसे में गांव जलालपुर निवासी 56 वर्षीय मुस्तकीम खान उर्फ बाबू की मौत हो गई। वहीं, एंबुलेंस के न पहुंचने पर लोगों ने नाराजगी जताई।
परिजनों के अनुसार, मुस्तकीम किसी काम से तिलहर तहसील गए थे। दोपहर को ऑटो से घर लौट रहे थे। गांव फत्तेपुर के पास पहुंचते ही अचानक ऑटो के सामने कुत्ता आ गया। बचाने के चक्कर में ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। काफी दूर तक घसीटता चला गया। बाकी सवारियों को मामूली चोटें आईं, लेकिन मुस्तकीम खान को गंभीर चोट आई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को सीएचसी पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। लोगों का कहना है कि हादसे के बाद तुरंत एंबुलेंस सेवा को फोन किया गया, लेकिन काफी देर बीतने के बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। यदि समय रहते एंबुलेंस पहुंच जाती तो शायद घायल की जान बचाई जा सकती थी।
थाना प्रभारी राकेश कुमार मौर्य के अनुसार ओवरलोड एवं ओवरस्पीड ऑटो चालकों के खिलाफ अभियान चला कर कार्रवाई की जाएगी। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।