चौक कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में आरोपी राजेश्वरी। स्रोत: पुलिस
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली पुलिस ने दसवीं की छात्रा यशी उर्फ नाव्या की आत्महत्या के मामले में उसकी ताई राजेश्वरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शनिवार सुबह आरोपी को पुवायां के जेबा रोड स्थित मोक्षधाम के पास से पकड़ा।
मोहल्ला हुसैनपुरा निवासी यशी 24 सितंबर की सुबह अपने कमरे में फंदे से लटकी मिली थी। दूसरे दिन उसके पिता शशिकांत शर्मा ने बड़े भाई लक्ष्मीकांत शर्मा और भाभी राजेश्वरी के खिलाफ पुत्री को आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पिता का आरोप था कि राजेश्वरी ने मोबाइल चोरी के शक में बेटी पर आरोप लगाया और मोहल्ले के लोगों व रिश्तेदारों के सामने उसे बदनाम भी किया।
आरोप है कि राजेश्वरी ने स्कूल जाकर भी शिक्षकों और बच्चों के सामने यशी पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया था। घटना के दिन छात्रा ने चाइल्डलाइन नंबर पर फोन कर मदद भी मांगी थी। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है।