मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। असलहाधारी बदमाशों ने शनिवार रात मीरानपुर कटरा में एक कारोबारी के घर धावा बोलकर डकैती की कोशिश की। बदमाशों के चैनल तोड़ने पर घरवाले जाग गए। उनके शोर मचाने पर पड़ोसियों ने फायरिंग की तो बदमाश भाग गए। इसके बाद सारी रात इलाके के लोग दहशत में रहे।
मीरानपुर कटरा के मोहल्ला वंगशान निवासी आरिश खान पेट्रोल पंप और कोल्ड स्टोर के मालिक हैं। शनिवार रात परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात में करीब एक बजे दर्जन भर बदमाश हथियारों से लैस होकर उनके मकान की छत पर चढ़ गए। बदमाशों ने ऊपरी मंजिल के मेनगेट पर लगा चैनल तोड़ने की कोशिश की। इससे आहट होने पर कारोबारी आरिश की आंख खुल गई। उन्होंने परिवार के बाकी लोगों को जगाया और पड़ोसियों को खबर दी। इसके बाद पड़ोसियों ने शोर मचा दिया और हवाई फायरिंग की। इस पर बदमाशों फरार हो गए। इसी बीच सूचना मिलने पर 112 डायल पुलिस मौके पर पहुंची। आरिश ने बताया कि बदमाशों की संख्या एक दर्जन के आसपास थी। सभी हथियारों से लैस थे। इसके बाद वंगशान से सटे दूसरे मोहल्लों में रात तीन बजे तक बदमाश देखे जाने की चर्चा रही। हाईवे के किनारे बसी घनी बस्ती में बदमाशों के देखे जाने से बस्ती के लोगों में दहशत का माहौल है।
दोपहर में क्राइम मीटिंग में जाते वक्त सूचना मिली थी कि एक आदमी ने घर में घुसने का प्रयास किया है, घरवालों के जागने पर वह भाग गया। इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। - हरपाल सिंह बालियान, प्रभारी निरीक्षक, मीरानपुर कटरा