खुटार। खेत पर जा रहीं दो सगी बहनों को दूसरे समुदाय के दो युवकों ने रास्ते में रोककर मोबाइल देने की कोशिश की। पिता के पहुंचने पर युवकों ने दरांती से घायल करने की कोशिश की। एक युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा गया है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार को उनकी 15 और 13 वर्ष की दो पुत्रियां खेत पर जा रहीं थीं। गांव भरकलीगंज के दो युवकों ने उनकी पुत्रियों को रोक लिया और मोबाइल देकर कहने लगे कि बात करती रहना। पुत्रियों ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो युवकों ने हाथापाई की कोशिश की। शोर सुनकर किशोरियों के पिता मौके पर पहुंचे तो एक युवक ने दरांती मारने की कोशिश की।
पिता ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भाग निकला। पिता ने पुलिस बुलाई और युवक को पुलिस को सौंप दिया। पिता के अनुसार दोनों युवक चार दिनों से उनकी पुत्रियों को परेशान कर रहे हैं। पिता की ओर से तहरीर दी गई है। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि किशोरियों के पिता मुकदमा दर्ज कराने के लिए तैयार नहीं है। इसीलिए पुलिस अपनी ओर से मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई कर रही है।