खुटार। कच्ची शराब को बदनाम गांव मैनिया में दो भाइयों को पकड़े जाने के दौरान महिलाओं ने पुलिस पर हमला कर दिया। पुलिस की निजी बोलेरो का शीशा तोड़ दिया गया। भारी हंगामे के बीच पुलिस से युवक को छुड़ा लिया गया। पुलिस मौके से युवक के पिता को बमुश्किल लेकर थाने आई। मामले को दबाने के लिए पुलिस ने दबिश में इस्तेमाल बोलेरो को तिरपाल से ढक दिया है। इसके बाद देर रात थाने में फोर्स एकत्र करके पुलिस ने गांव में दबिश दी।
खुटार थाने से दरोगा रतीराम सिंह सोमवार शाम प्राइवेट बोलेरो से गांव मैनिया गए थे। यह गांव कच्ची शराब के धंधे के लिए बदनाम है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस ने गांव के अजीत सिंह, भाई देशराज को पकड़ लिया। इस दौरान जीत सिंह के परिवार और आसपास के लोग मौके पर आ गए। लोग उन्हें पकड़े जाने का विरोध करने लगे। विवाद बढ़ने पर लोगों ने देशराज को पुलिस से छुड़ा लिया। बताया जाता है कि इस दौरान गांव वालों ने पथराव कर दिया, जिससे पुलिस की बोलेरो का शीशा टूट गया। पुलिस किसी तरह जीत सिंह को लेकर मौके से निकली और थाने पहुंची। पुलिस के वाहन का शीशा टूटने और हमले की जानकारी से थाने में खलबली मच गई। फील्ड में गए सारे पुलिसकर्मियों को थाने पर बुला लिया गया। सीओ नवनीत कुमार नायक भी थाने पहुंच गए हैं। पुलिस पूरे मामले में दबाने में जुटी हुई है। एसओ जयशंकर सिंह का कहना है कि पुलिस कच्ची शराब के मामले में वांछित देशराज सिंह को पकड़ने गई थी। महिलाओं ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई है। पुलिस के किसी वाहन का शीशा नहीं टूटा है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
गांव वाले बोले- पेड़ से टकराई पुलिस की बोलेरो
जीत सिंह की पत्नी परमजीत कौर ने बताया कि दिन भर हम लोग मकान की टीन डलवाते रहे। शाम को खाना खाते समय आठ बाइकों और एक बोलेरो से पुलिस ने घर पर धावा बोल दिया। उनके पति और देशराज को पुलिस ने पकड़ा। कारण पूछने पर मारपीट शुरू कर दी। मेरा हाथ टूट गया है। पढ़ने वाले बच्चों तक को नहीं बख्शा गया। पुलिस का वाहन नीम के पेड़ से टकरा गया जिससे शीशा टूटा है। पुलिस पर कोई हमला नहीं किया गया है। हम लोगों ने मारपीट की वीडियो बनाई थी लेकिन पुलिस दोनों मोबाइल भी छीन ले गई।
खुटार पुलिस ने जानकारी दी है कि महिलाओं ने पुलिस के साथ अभद्रता की है। वाहन का शीशा टूटने आदि की जानकारी नहीं है। जांच कराई जा रही है। अभद्रता करने वालों पर कार्रवाई होगी।
नवनीत कुमार नायक, सीओ पुवायां