शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल और हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों के साथ युवती थाने पहुंची। उसने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि आठ वर्ष पहले सहेली की शादी में तिलहर के गांव धर्मपुर कंजा निवासी अतीक से मुलाकात हुई थी। उसने अपना नाम आरव बताया था। उनकी करीब चार साल तक बातचीत का सिलसिला जारी रहा।
आरोप है कि उसे नजरपुर गांव में एक मकान में बुलाकर शारीरिक संबंध बनाए गए। उस समय उसकी उम्र 16 वर्ष थी। दूसरे समुदाय का युवक होने की जानकारी में आने पर उसने विरोध किया तो आरोपी ने धमकाया। कहा कि फोटो और वीडियो बन चुका है। अब धर्म परिवर्तन कर लो, नहीं तो वीडियो वायरल कर देंगे।
उसके बाद आरोपी तीन वर्ष तक शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता के अनुसार, दिसंबर 2025 में आरोपी ने उसे नजरपुर स्थित एक मकान में बुलाया और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाते हुए निकाह के लिए सादे कागज पर हस्ताक्षर करा लिए। मानसिक रूप से प्रताड़ित होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के बाद बमुश्किल वह स्वस्थ हुई।
इसके बाद अतीक के भाई आसिफ ने गले पर चाकू रखकर उससे संबंध बनाने का दबाव डाला। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उसके निजी वीडियो और फोटो के बारे में सबको बताना शुरू कर दिया। जिससे उसकी काफी बदनामी हुई। तब आरोपियों ने जातिसूचक गालियां दी। जिससे परेशान होकर उसने फंदे से लटककर अपनी जान देने का प्रयास किया।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी अतीक की तलाश की जा रही है। - इशिका सिंह, सीओ तिलहर