निगोही। थाना परौर क्षेत्र के कुंडरी आश्रम निवासी रमाकांत मिश्रा ने बेटे, बहू और समधिन पर पंचायत के दौरान मारपीट करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रमाकांत के मुताबिक, 28 जून को बेटे रजत मिश्रा उर्फ राघव, बहू आकांक्षा और लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी क्षेत्र के गांव पड़रा पड़री की रहने वालीं समधिन राधा रानी से विवाद हुआ था। आरोप है कि तीनों ने उनके साथ मारपीट की थी, जिसकी रिपोर्ट परौर थाने में दर्ज कराई गई थी।
मंगलवार शाम इसी मुकदमे में समझौते को लेकर निगोही क्षेत्र के गुरगवां गांव में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम नारायण मिश्र के घर पंचायत चल रही थी। आरोप है कि तीनों ने एकराय होकर रमाकांत के साथ दोबारा मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पंचायत में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कराया। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद