- बरेली से प्रयागराज ले जाते समय जिले में रहा अलर्ट, रोजा ओवरब्रिज के पास मुस्तैद रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ को बरेली जेल से प्रयागराज ले जाने को लेकर सोमवार को पुलिस अलर्ट रही। उसे बॉर्डर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना किया। रोजा ओवरब्रिज के पास जाम लगने की आशंका पर पुलिस मुस्तैद रही और काफिला सकुशल निपटने के बाद राहत की सांस ली।
सुबह करीब नौ बजे अशरफ को यूपी एसटीएफ की टीम बरेली से लेकर चली थी। उसके काफिले को लेकर शासन से जिले को अलर्ट किया गया था। एसपी के निर्देश के बाद अशरफ के गुजरने से पहले ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। जिले के बॉर्डर पर थाने की पुलिस ने रिसीव करने के बाद जनपद से बाहर तक गुजार दिया गया। इस दौरान मीरानपुर कटरा, तिलहर, चौक कोतवाली और रोजा की पुलिस अलर्ट रही।
हाईवे पर जाम नहीं लगने देने के लिए सिपाही तैनात किए गए थे। अशरफ का काफिला गुजरने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। सीओ सिटी एपी सिंह ने बताया कि अशरफ के काफिले को कड़ी सुरक्षा में गुजारने के निर्देश आए थे। उसी को देखते हुए हाईवे पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।