शाहजहांपुर। सोने-चांदी के दामों में लगातार चढ़ाव की वजह से ग्राहक 22 के बजाए 18 कैरेट के आभूषणों पर ज्यादा भरोसा जता रहे हैं। यह सोने का प्रतिशत कम होने के कारण सस्ते पड़ जाते हैं। बढ़ती महंगाई को देखते हुए सराफा दुकानदारों ने भी विभिन्न डिजाइनों के कम कैरेट के हल्के आभूषणों की रेंज बाजार में उतारी है।
पिछले दो महीने से लगातार सोने व चांदी के दाम ऊपर की ओर भाग रहे हैं। सोना एक लाख 28 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तो चांदी एक लाख 75 रुपये प्रति किग्रा पहुंच गई है। दाम में बढ़ोतरी के बावजूद शादियों के लिए लोगों ने खरीदारी शुरू की है। लोग आवश्यकता के हिसाब से खरीदारी कर रहे हैं। उनकी धनराशि उतनी ही है, लेकिन आभूषण 22 के बजाय 18 कैरेट के और हल्के हो गए हैं।
सराफा कारोबारी विनोद गुप्ता बताते हैं कि 22 कैरेट सोने में शुद्धता की मात्रा ज्यादा होने के चलते यह महंगा पड़ता है। ऐसे में अब 18 कैरेट के आभूषणों की मांग बढ़ी है। शुद्धता कम होने के चलते यह 22 कैरेट के मुकाबले सस्ता पड़ जाता है। बढ़ती महंगाई के बावजूद लोग बरातों आदि को देखते हुए आवश्यकता के हिसाब से जेवर खरीद रहे हैं।
महंगाई के चलते व्यापारियों ने हल्के वहन और 18 कैरेट के आभूषणों की कलात्मक रेंज को बाजार में उतारा है। यह ग्राहकों को काफी आकर्षित कर रही हैं। डिजाइनर में सोने के एंटीक आभूषण, कुंदन, रोज गोल्ड, कॉपर गोल्ड, व्हाइट गोल्ड, इंपोटेट इंटेलियन ज्वेलरी की मांग बढ़ी है। यह वजन में हल्की होने के साथ ही काफी सुंदर दिखती है।
18 कैरेट में कम होती है सोने की शुद्धता
सराफा व्यापारी विनोद गुप्ता ने बताया कि 22 में 91.60 फीसदी तो 18 कैरेट में 75 प्रतिशत सोने की शुद्धता होती है। 14 कैरेट के आभूषण अभी बाजार में उपलब्ध नहीं है। यह केवल डायमंड में आता है। बताया कि बढ़ते रेट को देखते हुए नौ कैरेट के आभूषणों को बाजार में उतारने के लिए विचार हो रहा है।
सोने-चांदी में निवेश कर रहे लोग
सराफा कारोबारी शाश्वत गुप्ता के अनुसार शादियों के लिए लोगों ने खरीदारी पूरी कर ली है। हल्के वजन के कलात्मक आभूषण ज्यादा पसंद किए गए हैं। शेयर, जमीन आदि में निवेश करने वाले भी बढ़ती कीमतों को देखते हुए सोने और चांदी में निवेश कर रहे हैं।
विनोद सर्राफ, व्यापारी
विनोद सर्राफ, व्यापारी