शाहजहांपुर। रोडवेज बस अड्डे के पास अवैध स्टैंड और वाहनों से वसूली के मामले की जांच की जाएगी। वहां खड़े होने वाले वाहनों पर शिकंजा भी कसा जाएगा। इसके लिए एआरटीओ प्रवर्तन व यात्री कर अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है।
छावनी परिषद के पूर्व सदस्य निशांत यादव ने रोडवेज बस अड्डे पर अवैध रूप से संचालित स्टैंड और वाहनों से अवैध वसूली की शिकायत की थी। इसमें बताया था कि प्रदेश सरकार ने अवैध वसूली व अवैध टैंक्सी स्टैंड पर रोक लगाने के आदेश दिए हैं। उसके बाद भी बस अड्डे और अशफाक नगर चौकी के पास वसूली की जा रही है। अवैध स्टैंड भी संचालित हो रहा है।
उनके आईजीआरएस करने पर संज्ञान लिया गया। एआरटीओ प्रशासन सर्वेश सिंह ने एआरटीओ प्रवर्तन और यात्री कर अधिकारी को चेकिंग करने के साथ ही जांच के निर्देश दिए हैं।