शाहजहांपुर। अंधेरे में चलने वाले डग्गामार वाहनों पर शिकंजा कसना भी शुरू कर दिया गया है। तड़के रोडवेज बस अड्डे के पास एआरटीओ पहुंचे और वाहनों के चालान किए। इसके बाद अल्हागंज में गिट्टी भरे आठ ट्रक को सीज कर सात लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अनुबंधित बस मालिकों ने सुबह रोडवेज बस अड्डे से रेलवे स्टेशन तक डग्गामार वाहन, ऑटो, पिकअप आदि चलने की शिकायत की थी। इसे गंभीरता से लेते हुए एआरटीओ शांतिभूषण पांडेय सुबह तीन बजे रोडवेज बस अड्डा पर पहुंच गए। उन्हें देखकर चालक डग्गामार वाहनों को लेकर भाग गए। उन्होंने दो वाहनों के चालान कर दिए। उनके साथ सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रामप्यारे प्रसाद और अनुबंधित बस ऑनर्स एसोसिएशन के महासचिव निर्मेष शर्मा भी थे। इसके बाद अल्हागंज में जाकर चेकिंग की। यहां अंधेरे में ओवरलोड गिट्टी लेकर चलने वाले आठ ट्रकों को रोककर कागज चेक किए। ओवरलोडिंग पकड़े जाने पर ट्रकों को सीज कर दिया। एआरटीओ ने बताया कि अनधिकृत वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलता रहेगा।