पुवायां के गांव अगौना में राम जन्म लीला का मंचन करते कलाकार। संवाद
पुवायां। गांव अगौना बुजुर्ग में मन कामेश्वरनाथ मंदिर परिसर में आयोजित श्रीरुद्र महायज्ञ के दौरान दोपहर में राम जन्म और रात में कृष्णलीला का मंचन किया गया।
यज्ञाचार्य बलराम कृष्ण ने यज्ञ में आहुतियां डलवाईं और परिवार, समाज के साथ देश की खुशहाली की कामना की। विभिन्न गांवों से गए श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद दोपहर 2ः00 बजे वृंदावन से आए कलाकारों ने राम जन्म का मंचन किया।
इसमें दिखाया गया कि राजा दशरथ वृद्धावस्था में प्रवेश कर रहे थे। संतान नहीं होने के कारण वह चिंतित थे। इस संबंध में उन्होंने गुरुओं की सलाह पर ऋषि श्रृंगी की अध्यक्षता में पुत्रकामेष्टि यज्ञ करवाया। इसके बाद उनको अपनी तीन पत्नियों से चार पुत्रों की प्राप्ति हुई।
गुरु वशिष्ठ ने संतानों के नाम राम, लक्षमण, भरत और शत्रुघ्न रखे। रात में कृष्णलीला का मंचन भी किया गया। कार्यक्रम में यजमान देवेश मिश्रा, दीपू अवस्थी और आशु पांडे समेत कई श्रद्धालु मौजूद रहे। संवाद