शाहजहांपुर। शहर के सुंदरीकरण के लिए लगाई गई तितली फैंसी लाइटों की मरम्मत का काम शुरू होते ही फिर ठप हो गया। नगर निगम के अंतिम नोटिस के बाद फर्म ने एक कारीगर भेजकर काम तो शुरू कराया, लेकिन वह एक दिन काम करने के बाद ही लापता हो गया। बुधवार को केवल छह-सात तितली लाइटें ही दुरुस्त हो सकीं। इससे सैकड़ों खराब लाइटों की मरम्मत फिर अधर में लटक गई।
नगर निगम ने मुख्य सड़कों के सुंदरीकरण के लिए हरदोई की श्री लक्ष्मी इलेक्ट्रिकल फर्म से करीब 500 तितली फैंसी लाइटें लगवाई थीं। स्थापना के एक वर्ष के भीतर ही अधिकांश लाइटें खराब हो गईं। लगातार शिकायतें मिलने पर निगम ने फर्म को दो नोटिस जारी किए, लेकिन कोई असर नहीं पड़ा।
इसके बाद 31 जुलाई को नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने अंतिम नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर सभी खराब लाइटें ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी थी कि तय समय में काम पूरा न होने पर फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। नोटिस के बाद फर्म ने रोशनी गोदाम में एक कारीगर भेजकर मरम्मत शुरू कराई। उसने छह-सात लाइटें ठीक कीं, लेकिन सामान खत्म होने के बाद काम रोक दिया।
इसके बाद वह वापस नहीं आया। इससे सवाल उठने लगे हैं कि क्या फर्म ने केवल कार्रवाई से बचने के लिए औपचारिक रूप से काम शुरू कराया था। यदि जल्द पर्याप्त संसाधन और कर्मचारी नहीं लगाए गए तो तितली लाइटों की मरम्मत में अभी लंबा समय लग सकता है।
तितली लाइटों की मरम्मत में और देरी होने पर फर्म के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फर्म को जल्द से जल्द सभी खराब लाइटें दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
-सौम्या गुरुरानी, नगर आयुक्त