रोजा मंडी में क्रय केंद्र प्रभारी से पूछताछ करते सिटी मजिस्ट्रेट। स्रोत: जागरुक पाठक
रोजा। मंडी समिति में शुक्रवार को 40 हजार क्विंटल गेहूं की आवक हुई, लेकिन सरकारी खरीद मात्र चार हजार क्विंटल हुई। संभागीय विपणन अधिकारी ने रोजा मंडी का निरीक्षण कर गेहूं खरीद को लेकर केंद्र प्रभारियों से नाराजगी व्यक्त की।
रोज मंडी समिति में आढ़तों पर जमकर खरीद हो रही है। मामला बिगड़ता देखकर अधिकारियों ने आढ़तियों से बातचीत की थी। इसके बाद गेहूं के दामों में गिरावट आ गई और केंद्र प्रभारियों ने आढ़तों पर जाकर गेहूं खरीद शुरू कर दी थी। इससे सरकारी खरीद बढ़ गई। बाद में मामला हड़ताल तक पहुंच गया था। बैठक में तय हुआ कि आढ़तों से जबरन गेहूं खरीद नहीं की जाएगी।
शुक्रवार को रोजा मंडी में गेहूं की लगभग 40 हजार क्विंटल आवक हुई। सरकारी क्रय केंद्रों पर मात्र चार हजार क्विंटल गेहूं की खरीद हो सकी। शनिवार को संभागीय खाद्य विपणन अधिकारी सचिन कुमार ने क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया और खरीद को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र प्रभारियों को फटकार लगाई। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, डिप्टी आरएमओ राकेश मोहन पांडेय, मंडी सचिव प्रवीण कुमार अवस्थी आदि मौजूद रहे।