शाहजहांपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज में खोदी गई सड़क। संवाद
शाहजहांपुर। अजीजगंज स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज की सूरत को बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। अस्पताल परिसर की सड़कें बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त बाढ़ से बचाव के लिए चहारदीवारी को ऊंचा बनवाने के साथ ही मुख्य गेट को नया बनवाकर सुंदरीकरण कराया जाएगा। कार्य के लिए कार्यदायी संस्था को धनराशि प्राप्त हो गई है।
जुलाई में आई बाढ़ से पूरे कॉलेज में जलभराव होने से मशीनें तक डूब गई थी। जलभराव के चलते सड़कों में गड्ढे हो गए। पूरे परिसर की सड़कें खराब होने से लोगाें का निकलना दूभर होता है।
जरा-सी बारिश होने पर गड्ढों में जलभराव हो जाता था। सड़कों को बनवाने और नाली का निर्माण कराने के लिए एक करोड़ 62 लाख रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। इसमें एक करोड़ रुपये पैक्सफेड संस्था को जारी कर दिया गया है। संस्था ने सड़कों को बनवाने का काम शुरू करा दिया है।
अस्पताल चौकी से बिजली उपकेंद्र तक सड़क की खोदाई को शुरू कराया गया। प्राचार्य डॉ.राजेश कुमार ने बताया कि अस्पताल और कॉलोनी परिसर की सड़कों को नया बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त मुख्य गेट और चहारदीवारी को ऊंचा कराने का काम होगा। खुला गेट होने के चलते पशु और अराजक तत्व अंदर आ जाते हैं।
गेट को नया बनवाकर सुंदरीकरण कराया जाएगा। इस कार्य के लिए एक करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इस कार्य के लिए रूरल इंजीनियरिंग विभाग को कार्यदायी संस्था नामित किया है। संवाद