शाहजहांपुर। न्यू ककरा सिटी स्थित नगर निगम के नए कार्यालय में सोमवार को पहले दिन अधिकारियों ने पहुंचकर कामकाज की औपचारिकता निभाई। नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी कुछ देर नए कार्यालय में बैठीं और फाइलें देखीं। हालांकि, कार्यालय में अभी व्यवस्थाएं पूरी नहीं हो सकी हैं। कई कमरों में फर्नीचर लगाने, सफाई-धुलाई और लाइट फिटिंग का काम चलता मिला। इसके बाद अधिकारी पुराने नगर निगम कार्यालय लौट गए।
डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को नगर निगम के नए भवन का निरीक्षण कर सोमवार से अधिकारियों को वहां बैठने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर नगर आयुक्त अजय त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी नए भवन पहुंचे।
प्रथम तल पर बने कार्यालय में नगर आयुक्त ने कुछ देर बैठकर फाइलों को देखा और अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके बाद वह और अन्य अधिकारी वापस पुराने कार्यालय आ गए। नगर आयुक्त और अपर नगर आयुक्त के कार्यालय में फर्नीचर पहुंच चुका है, लेकिन महापौर अर्चना वर्मा के कार्यालय में अभी फर्नीचर नहीं लगाया गया है।
अन्य कमरों में फर्नीचर और इलेक्ट्रिक फिटिंग का काम जारी रहा। अभी अधिकारियों और कर्मचारियों के कमरों का निर्धारण भी पूरी तरह नहीं हो पाया है। आम लोगों से जुड़े कार्यों के लिए कर्मचारी फिलहाल पुराने कार्यालय में ही बैठेंगे। जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, एकल खिड़की, दाखिल-खारिज, जलकल और निर्माण विभाग के कर्मचारी पुराने भवन में रहेंगे। धीरे-धीरे अभिलेख और फाइलें नए भवन में पहुंचाई जाएंगी।
कार्यालय में चल रहा था सफाई-धुलाई का काम
दोपहर करीब 12:15 बजे नए नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट से लेकर बरामदे तक सफाई और धुलाई का काम चल रहा था। अधिकांश कमरों में मजदूर फर्नीचर लगाने और अन्य कार्यों में जुटे थे। कई स्थानों पर इलेक्ट्रिक फिटिंग का काम भी किया जा रहा था। इससे साफ था कि कार्यालय को पूरी तरह संचालित करने के लिए अभी तैयारियां बाकी हैं।
अधिकतर नोडल अधिकारी नए भवन में बैठने लगेंगे। स्टाफ अभी पुराने कार्यालय में ही रहेगा। सभी व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद 20 से 25 दिन में कार्यालय को पूरी तरह शिफ्ट करने की प्रक्रिया चलेगी।
- सौम्या गुरुरानी, नगर आयुक्त
नए नगर निगम के भवन में जनसुनवाई हॉल में चल रहा काम। संवाद