एआरएम रोडवेज रामबहादुर यादव ने तिलहर रोडवेज बस स्टेशन पर रविवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे छापा मारा। यहां उन्हें कई निजी वाहन रोडवेज परिसर में खड़े मिले, जिन पर चालक आराम फरमा रहे थे। इस पर एआरएम ने स्टेशन प्रभारी ओमप्रकाश मिश्रा की जमकर फटकार लगाते हुये तीन वाहन स्वामियों के खिलाफ कोतवाली में एफआईआर कराने के निर्देश दिये। उन्होंने एआरटीओ से संपर्क कर जबरन अनाधिकृत ढंग से रोडवेज परिसर में निजी वाहन पार्क करने वाले वाहन स्वामियों के वाहन सीज करने को कहा।
रोडवेज परिसर में जलभराव और गड्ढों को ठीक कराने के लिये स्टेशन प्रभारी से प्रस्ताव भेजने को कहा, ताकि शीघ्र ही जलभराव की समस्या का निस्तारण किया जा सके। रोडवेज परिसर में यात्रियों के सामने खुले में बैठकर शौच करने पर नाराजगी जताते हुये ऐसे लोगों के नाम नोट करने के स्टेशन प्रभारी को निर्देश दिये ताकि उनके खिलाफ एफआईआर और विधिक कार्रवाई की जा सके। बसों की आवागमन पंजिका का अवलोकन करने के दौरान उन्होंने पाया कि आठ बजे तक दिल्ली आने जाने वाली डिपो की कोई भी बस स्टेशन पर नहीं पहुंची थी। इस पर उन्होंने चालक और परिचालकों से स्पष्टीकरण मांगने और वेतन कटौती के निर्देश दिये। उन्होंने स्टेशन प्रभारी और लिपिक को समय से स्टेशन पर ड्यूटी करने व यात्री सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये। इसके बाद एआरएम ने सरऊ पुलिया पर आधा दर्जन बसों को रोककर उनका निरीक्षण किया। इस दौरान कोई बड़ी खामी नहीं मिली।