शाहजहांपुर। निगोही के ढकिया तिवारी गांव में मिले पुराने हथियारों की जांच पुरातत्व विभाग की टीम करेगी। हथियारों को फिलहाल थाने के मालखाने में जमा करा दिया गया है। जांच पूरी होने तक खेत के मालिक को जोताई या खोदाई से रोक दिया गया है।
बुधवार की सुबह दस बजे ढकिया तिवारी गांव के बाबूराम अपने खेत में जोताई कर रहे थे। तभी जमीन के अंदर से लोहे के हथियार बरामद होने लगे। खोदकर देखा तो 20 तलवारें, दस सिंगल बैरल बंदूकों की नली, एक दो नाली बंदूक की नली, एक बरछी और दो तमंचे मिले।
सूचना पर नायब तहसीलदार और पुलिस मौके पर पहुंची। बरामद हथियारों को जब्त कर लिया गया है। एसडीएम तिलहर जीत सिंह ने बताया कि पुरातत्व विभाग से संपर्क किया जा रहा है। जब तक टीम आकर जांच नहीं कर लेती, खेत मालिक बाबूराम को जोताई से रोक दिया गया है।
वहीं, एसएस कॉलेज के इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. विकास खुराना ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह से मिलने गए थे लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। शुक्रवार को फिर से मुलाकात का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि निगोही क्षेत्र में 1857 की क्रांति के समय कई क्रांतिकारी सक्रिय थे। संभव है कि यहां पर उन्होंने ही हथियारों को छिपाया हो। ऐसा साबित होने पर हथियार शाहजहांपुर की गौरवशाली क्रांति इतिहास का हिस्सा होंगे।