शाहजहांपुर। नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन सोमवार को सभी प्रमुख पार्टियों के प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। एक दिन पहले सपा से भाजपा में गईं अर्चना वर्मा ने मुश्किल खड़ी कर दी थी। लेकिन सपा ने रात से मंथन शुरू कर दिया था। सुबह माला राठौर को मैदान में उतार दिया। कांग्रेस से निकहत इकबाल और बसपा से शगुफ्ता अंजुम ने महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया।
नामांकन का आखिरी दिन होने की वजह से सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सुबह से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई। पूर्वाह्न 11 बजे नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई, तब नामांकन कराने आने वाले प्रत्याशियों की संख्या कम रही, लेकिन 12 बजे के बाद भीड़ बढ़ने लगी। महापौर के लिए सबसे पहले बसपा प्रत्याशी शगुफ्ता अंजुम नामांकन कराने पहुंची।
इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी निकहत इकबाल अपने प्रस्तावकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल करने आईं। इसी बीच मंत्री सुरेश खन्ना और जेपीएस राठौर, सांसद अरुण सागर समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारियों के साथ अर्चना वर्मा नामांकन कराने पहुंचीं। अर्चना वर्मा के साथ पहुंचे पार्षद पद के कई प्रत्याशियों ने भी नामांकन कराया। इसके बाद सपा प्रत्याशी माला राठौर दोपहर ढाई बजे जिलाध्यक्ष तनवीर खां के साथ नामांकन कराने पहुंचीं। समय कम होने के कारण जल्दी में नामांकन दाखिल कराया गया। तीन बजे के बाद नामांकन प्रक्रिया बंद कर दी गई।