शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने व छात्र हितों को देखते हुए कुलपति ने विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों के लिए समन्वयकों की नियुक्ति कर दी है। विश्वविद्यालय में छात्र कल्याण व स्वयम पोर्टल के कार्यों को गति भी मिलेगी।
विश्वविद्यालय में स्वयम पोर्टल संबंधी कार्यों के लिए शिक्षक शिक्षा विभाग की अध्यक्ष प्रो. मीना शर्मा को समन्वयक नामित किया गया है। पोर्टल पर उपलब्ध पाठ्यक्रमों का चयन, विद्यार्थियों का पंजीकरण व शासन से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों को कराया जाएगा।
इससे विद्यार्थियों को ऑनलाइन व डिजिटल शिक्षा के आधुनिक अवसरों का अधिक प्रभावी लाभ मिल सकेगा। इसी तरह वाणिज्य विभाग के प्रो. कमलेश गौतम को छात्र कल्याण का संकाय अध्यक्ष बनाया है। इसी तरह शारीरिक शिक्षा व खेलकूद संबंधी कार्यों के सुचारु संचालन व विस्तार के लिए शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष प्रो. अजीत सिंह चारग को विश्वविद्यालय का क्रीड़ा सचिव नामित किया गया है।