कलान। सरसों के नकली तेल के संदेह में पुलिस ने सोमवार को बाराकलां में एक पिकअप रोककर उसमें प्लास्टिक की 35 केन में रखा 17.50 क्विंटल राइस ब्रॉन ऑयल बरामद किया। पुलिस से मामले की सूचना पाकर जलालाबाद से खाद्य निरीक्षक अजीत सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अलग-अलग केन से तेल के चार नमूने लिए और बाद में सभी केन सील कर एक दुकान में रखवा दीं।
जलालाबाद के सीओ अजय राय ने बताया कि सरसों के तेल में बड़े पैमाने पर मिलावट की सूचना मिलने पर सरसों पेरने वाले सभी स्पेलर कारखानों पर रात में ही पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई थी। इसी दौरान सरसों के तेल में मिलावट को ले जाए जा रहे राइस ब्रॉन ऑयल से भरी पिकअप पकड़ ली गई।
उन्होंने बताया कि पिकअप को पुलिस ने कब्जे में ले लिया और हिरासत में लिए गए उसके चालक से पूछताछ की गई। इस बीच, खाद्य निरीक्षक ने पप्पू गुप्ता के स्पेलर कारखाने से भी सरसों के तेल का एक नमूना जांच के लिए सील किया। उन्होंने बताया कि नमूनों की प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद