जलालाबाद। मिर्जापुर क्षेत्र के गांव सिंघापुर कायस्थान में रामानंदी संप्रदाय के आश्रम से आए लोग मंगलवार को सीओ अजय राय से मिले। उन्हें ज्ञापन देकर वहां एक साधु की अवांछित गतिविधियों पर कार्रवाई करने की गुहार लगाई।
ज्ञापन में कहा गया है कि गांव के आश्रम में शंकर जी विराजमान हैं। आश्रम ट्रस्ट की कमेटियां गठित हैं और ट्रस्ट के माध्यम से ही वहां तीन संत पूजा-अर्चना करते हैं। पिछले दिनों आश्रम पर एक बाबा आया, जिसके बारे में पता लगा कि वह शाहाबाद का रहने वाला और हत्या का आरोपी है। उसने आश्रम से गांजे की तस्करी शुरू कर दी।
आश्रम में रहने वाले संत जनों ने उसकी शिकायत कमेटी के अध्यक्ष अरुण कुमार से की। इसके बाद बाबा आश्रम के तीन कमरों पर अपने ताले डालकर भाग गया। ज्ञापन में आरोप है कि इस बाबा की गांव के ही कुछ लोग मदद कर रहे हैं। सीओ ने मामले की स्वयं जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस दौरान मंदिर कमेटी के अध्यक्ष और महंत सतानंद सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद